फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
एम्स रायबरेली में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भूमि पूजन संपन्न, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायबरेली में संस्थान के आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्य हेतु भूमि पूजन समारोह का आयोजन वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर संस्थान के कार्यकारी निदेशक व मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अमिता जैन, उप-निदेशक (प्रशासन) कर्नल अखिलेश सिंह वित्तीय सलाहकार, कर्नल यू. एन. राय, अधीक्षण अभियंता श्री हरीश यादव, वरिष्ठ संकाय सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारीगण तथा अन्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक महोदया ने कहा कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संस्थान परिसर में मरीजों, उनके परिजनों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दैनिक उपयोग की सुविधाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य 18 महीनों में पूरा कर लिया जाएगा।
भूमि पूजन के उपरांत संस्थान परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर के विकास तथा सतत् विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यकारी निदेशक महोदया ने आगे कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। अधोसंरचना विकास के साथ-साथ वृक्षारोपण जैसी पहलें भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ एवं संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए परिसर को अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाने का संदेश दिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक उत्तरदायित्व बताते हुए जनभागीदारी के माध्यम से हरित भारत के निर्माण का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन संस्थान के समग्र विकास, उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

गोकना घाट पर गंगा का रौद्र रूप, तटवर्ती इलाकों में बढ़ी चिंता

 

 

​रायबरेली।ऊंचाहार क्षेत्र के प्रसिद्ध गोकना घाट पर गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों की चिंताएं बढ़ गई हैं। पिछले 24 घंटों के भीतर गंगा का जलस्तर इतनी तेजी से बढ़ा है कि घाट की 6 सीढ़ियां पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं।

​घाट के वरिष्ठ पुरोहित जितेंद्र द्विवेदी ने स्थिति की गंभीरता को रेखांकित करते हुए बताया कि गंगा का जलस्तर अनवरत बढ़ रहा है। पानी के बढ़ते दबाव के कारण घाट की सीढ़ियां ही नहीं, बल्कि नदी के किनारे निचले इलाकों में की गई खेती भी प्रभावित होने लगी है। गंगा का पानी खेतों में घुस जाने के कारण किसानों की तैयार फसलें डूब गई हैं, जिससे उन्हें भारी नुकसान की आशंका है।

​नदी का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती गांवों के निवासियों में डर का माहौल है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द ही तटवर्ती इलाकों में सुरक्षा के उचित प्रबंध और प्रभावित किसानों के लिए राहत कार्य शुरू करने की मांग की है।

नगर पालिका में कर्पूरी ठाकुर स्मारक सहित तीन प्रमुख मांगों को लेकर सांकेतिक धरना, अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

 

 

रायबरेली एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में प्रांतीय अध्यक्ष सेराज अहमद उर्फ साजन के नेतृत्व में गुरुवार को नगर पालिका परिषद रायबरेली परिसर में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर को ज्ञापन सौंपकर शहर में भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के सम्मान में स्मारक, पार्क, सामुदायिक केंद्र एवं बारातघर बनाए जाने, किला बाजार गेट के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार तथा अंतरराष्ट्रीय शायर मुनव्वर राना के नाम पर प्रवेश द्वार स्थापित किए जाने की मांग की।

धरने को समर्थन देते हुए विश्व दलित परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष राजेश कुरील ने कहा कि रायबरेली में सविता एवं सलमानी समाज की बड़ी आबादी निवास करती है, लेकिन सामाजिक, धार्मिक, वैवाहिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए आज भी कोई समुचित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर के सम्मान में स्मारक एवं अन्य सुविधाओं की मांग वर्षों से की जा रही है, लेकिन जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो एससी, एसटी एवं पिछड़ा समाज व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होगा।

धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सेराज अहमद उर्फ साजन ने कहा कि बारबर एसोसिएशन कई वर्षों से इन मांगों को लेकर प्रशासन और नगर पालिका का ध्यान आकर्षित करता रहा है, लेकिन लगातार उपेक्षा की गई। उन्होंने कहा कि किला बाजार गेट का सौंदर्यीकरण और महान विभूतियों के सम्मान से जुड़ी मांगों की अनदेखी समाज की भावनाओं के विपरीत है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि सभी मांगों को आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्तुत कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उनके आश्वासन के बाद बारबर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश ने अपना सांकेतिक धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया।

इस अवसर पर सामाजिक चिंतक विमल किशोर सबरा, शिवशंकर बघेल एडवोकेट, राम सजीवन, अवधेश कुमार, राजेश सविता, मो. अकबर, मो. सरफराज, मो. अरमान, मो. आदिल सहित बारबर एसोसिएशन के अनेक पदाधिकारी एवं समाज के दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल से मिले प्रदेश सचिव अनिल चौधरी, संगठन और जनसेवा को लेकर मिला मार्गदर्शन

लखनऊ/सिद्धार्थनगर | FT NEWS DIGITAL

लखनऊ स्थित अपना दल (एस) के प्रदेश कार्यालय में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार की केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल से अपना दल (एस) के प्रदेश सचिव (शिक्षक मंच) तथा विधानसभा क्षेत्र 302 शोहरतगढ़, जनपद सिद्धार्थनगर के नेता अनिल चौधरी ने शिष्टाचार भेंट एवं आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान संगठन की मजबूती, जनसेवा, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा क्षेत्रीय विकास सहित विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

अनिल चौधरी ने केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व से समय-समय पर मिलने वाला मार्गदर्शन संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत होता है। इससे जनसेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की ऊर्जा मिलती है।

मुलाकात के दौरान संगठन के विस्तार, बूथ स्तर तक पार्टी की मजबूती, कार्यकर्ताओं के साथ सतत संवाद तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने सेवा, समर्पण और संगठन की भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया।

भेंट के बाद अनिल चौधरी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल से प्राप्त मार्गदर्शन उनके सार्वजनिक जीवन के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने विश्वास जताया कि वरिष्ठ नेतृत्व के निर्देशन में संगठन को और अधिक मजबूत बनाते हुए जनहित के कार्यों को गति दी जाएगी। साथ ही समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि अपना दल (एस) की नीतियों और विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने, युवाओं और कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने तथा जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के उद्देश्य से निरंतर कार्य किया जाएगा। यह मुलाकात संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण रही और आने वाले समय में पार्टी की गतिविधियों को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगी।

IMG 20260716 WA0293:

लखनऊ स्थित अपना दल (एस) के प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल से शिष्टाचार भेंट करते प्रदेश सचिव (शिक्षक मंच) अनिल चौधरी।

एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत राइजिंग चाइल्ड स्कूल में हुआ वृहद वृक्षारोपण कायस्थ महासभा ने किया 51 छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण  वृक्ष हैं जीवन का आधार, हर व्यक्ति लगाए कम से कम 11 पौधे : अरविंद श्रीवास्तव

 

 

 

रायबरेली। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश सरकार के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत शहर के प्रभुटाउन स्थित राइजिंग चाइल्ड स्कूल परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आम, नीम, पीपल सहित विभिन्न छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महासभा के जिला अध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव, एडवोकेट ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं, वृक्ष हमे ऑक्सीजन, शुद्ध वातावरण, छाया और प्राकृतिक संतुलन प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत राइजिंग चाइल्ड स्कूल परिसर में 51 छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने जीवनकाल में कम से कम 11 पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। महिला प्रदेश अध्यक्ष सीमा श्रीवास्तव ने कहा कि यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध करानी है तो प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण को अपने जीवन का नियमित हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। इस अवसर पर महासभा के जिला संरक्षक नागेंद्र श्रीवास्तव, युवा शाखा के अध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष अनूप श्रीवास्तव, एडवोकेट, स्नेहलता श्रीवास्तव, रविन्द्र नाथ हरि, आशुतोष श्रीवास्तव, शैलेंद्र श्रीवास्तव सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

चार जिलों के युवा वैज्ञानिकों का संगम, बस्ती नवोदय में विज्ञान प्रदर्शनी का सफल आयोजन

बस्ती के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में विज्ञान और नवाचार का उत्सव देखने को मिला। विद्यालय स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में चार जिलों के छात्र-छात्राओं ने अपने वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन अब क्लस्टर स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है।


बस्ती। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बहादुरपुर (रुधौली) में आयोजित विद्यालय स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर और श्रावस्ती के विद्यार्थियों ने विज्ञान, पर्यावरण और आधुनिक तकनीक पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यालय के अनुसार, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन अब 13 जुलाई को मिर्जापुर में होने वाली संकुल स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए किया गया है।

पूरी खबर

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बहादुरपुर (रुधौली), बस्ती में शनिवार को विद्यालय स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देना था।

प्रदर्शनी में बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर और श्रावस्ती के जवाहर नवोदय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में जवाहर नवोदय विद्यालय बस्ती के विद्यार्थियों ने प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि संत कबीर नगर के विद्यार्थियों ने तृतीय स्थान हासिल किया।

विद्यालय की प्राचार्या डॉ. अमिता सक्सेना ने बताया कि चयनित विद्यार्थी 13 जुलाई 2026 को मिर्जापुर में आयोजित संकुल स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम में वैज्ञानिक मॉडलों का मूल्यांकन प्रो. डॉ. मुकेश कुमार (भौतिक विज्ञान विभागाध्यक्ष, शिवपति पीजी कॉलेज, शोहरतगढ़), अम्रेश कुमार (सलाहकार, डे एंड नाइट स्पेस फाउंडेशन) तथा मुस्तन शेरउल्लाह (स्टेट अवार्डी शिक्षक) ने किया।

विद्यालय के अनुसार, डे एंड नाइट स्पेस फाउंडेशन ने कार्यक्रम के तकनीकी समन्वय और आयोजन में सहयोग दिया। निर्णायकों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए अंतरिक्ष विज्ञान, खगोल विज्ञान और रोबोटिक्स आधारित मॉडलों की सराहना करते हुए उन्हें वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विज्ञान प्रदर्शनी के साथ करियर काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, शोध, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने अपने करियर से जुड़े प्रश्न भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया।

समापन अवसर पर प्राचार्या डॉ. अमिता सक्सेना ने निर्णायकों, सहयोगी संस्थाओं, शिक्षकों तथा प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजन करता रहेगा।

सारांश

बस्ती में विद्यालय स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन।

चार जिलों के विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए वैज्ञानिक मॉडल।

बस्ती के विद्यार्थियों ने प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

चयनित विद्यार्थी 13 जुलाई को मिर्जापुर में क्लस्टर स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

विशेषज्ञों ने विज्ञान प्रदर्शनी के साथ करियर काउंसलिंग भी दी।

 

उत्तर प्रदेश सरकार के लोकप्रिय मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के 16 वें पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव के अवसर पर वैश्य समाज रायबरेली द्वारा जिला प्रभारी अतुल गुप्ता व जिला अध्यक्ष संदीप जैन के नेतृत्व में स्टेडियम के सामने 101 ई-रिक्शा चालको तथा गरीबों को अंग वस्त्र भेंट कर उनके नाम पर एक पौधे का भी रोपण किया गया।

उत्तर प्रदेश सरकार के लोकप्रिय मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के 16 वें पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव के अवसर पर वैश्य समाज रायबरेली द्वारा जिला प्रभारी अतुल गुप्ता व जिला अध्यक्ष संदीप जैन के नेतृत्व में स्टेडियम के सामने 101 ई-रिक्शा चालको तथा गरीबों को अंग वस्त्र भेंट कर उनके नाम पर एक पौधे का भी रोपण किया गया।

जिला प्रभारी अतुल गुप्ता ने बताया कि 12 जुलाई 2010 को नंदी जी के ऊपर जानलेवा हमला हुआ था एवं वैश्य और व्यापारी समाज के लोगों की प्रार्थना एवं महादेव की कृपा से उनको नया जन्म प्राप्त हुआ। जिला अध्यक्ष संदीप जैन ने बताया कि आस्था, सेवा, संकल्प व संघर्ष की मिसाल बने जननायक नंदी जी के पुनर्जन्म दिवस पर हर वर्ष धूमधाम से आयोजन कर उनके दीर्घ जीवन की कामना की जाती है। इस अवसर पर वैश्य समाज रायबरेली के जिला संरक्षक महेंद्र अग्रवाल, हरिश्चंद्र जायसवाल, रामशरण साहू, महेश नारायण अग्रवाल, नामित सभासद राजेश अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष चंद्र प्रकाश गुप्ता, राहुल गुप्ता, सुधा गुप्ता, नेहा जैन आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।

महराजगंज पहुंचेंगे कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, संगठन की रणनीति पर कार्यकर्ताओं संग करेंगे अहम बैठक

महराजगंज, 11 जुलाई। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद रविवार को महराजगंज दौरे पर रहेंगे। जिला मुख्यालय स्थित जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में वह पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, पार्टी की गतिविधियों और स्थानीय विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।


मुख्य बिंदु

रविवार को महराजगंज दौरे पर रहेंगे कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद।

सुबह 11:00 बजे जिला पंचायत सभागार में होगी बैठक।

पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद।

संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर होगी चर्चा।

जिला इकाई ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से समय पर पहुंचने की अपील की।

पूरी खबर

निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद रविवार को महराजगंज का दौरा करेंगे। उनके आगमन को लेकर पार्टी संगठन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह सुबह 11:00 बजे जिला पंचायत सभागार पहुंचेंगे, जहां पार्टी के जिला, मंडल, ब्लॉक एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

पार्टी के जिला अध्यक्ष रामनाथ निषाद ने बताया कि बैठक का उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत बनाना, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना तथा कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना है। बैठक में स्थानीय स्तर से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से समय पर बैठक में पहुंचने का अनुरोध किया गया है, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।

कैबिनेट मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जिला पंचायत सभागार में बैठक की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति की उम्मीद जताई जा रही है।

नोट: यह समाचार उपलब्ध आधिकारिक कार्यक्रम और पार्टी पदाधिकारियों द्वारा साझा की गई जानकारी पर आधारित है। कार्यक्रम में किसी भी प्रकार का परिवर्तन संबंधित पक्ष द्वारा किया जा सकता है।

 

*वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत जिले में एक करोड़ से अधिक पौधों के रोपण का शुभारंभ*

 

उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अतुल गुप्ता एवं अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष प्रभाकर गुप्ता जिला संरक्षक संदीप जैन एवं महेंद्र अग्रवाल, सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी नगर पालिका अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह एवं वन विभाग से रेंजर धर्मेंद्र कुमार कनौजिया, डिप्टी रेंजर युसूफ खान,
के साथ सुपरमार्केट के निकट 500 पौधों के भंडारे का आयोजन कर पौधों की बारात निकालकर बंबइया कोठी परिसर में स्थित आनंद वाटिका में पौधों का रोपण किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष अतुल गुप्ता ने बताया कि हमारे व्यापार मंडल द्वारा हर वर्ष प्रशासन के सहयोग से व्यापारियों में पौधों का वितरण एवं रोपण किया जाता है जिससे कि सरकार की मंशा के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण अभियान सफल रहे।
जिला अध्यक्ष प्रभाकर गुप्ता एवं जिला संरक्षक संदीप जैन ने कहा कि ढोल नगाड़े के साथ बाजार में पौधों के साथ बारात निकालकर व्यापारियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया गया। इस अवसर पर नामित सभासद राजेश अग्रवाल व अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला कोषाध्यक्ष चंद्र प्रकाश गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष आशीष जैन, शकील अहमद, विमलेश श्रीवास्तव, पंकज प्रजापति, हंसराज सावलानी, जगदीश चेनानी, विनोद वलेचा, विमलेश कुमार, अंजनी गुप्ता अनिल लोहिया अनिल गुप्ता सभासद रामखेलावन बारी, महिला प्रकोष्ठ महामंत्री विमलेश मिश्रा, वी के रावत, पूर्व स्काउट कमिश्नर लक्ष्मीकांत शुक्ला, प्रधानाचार्य राइजिंग चाइल्ड सीमा श्रीवास्तव, आनंद गुप्ता, शैलेंद्र अग्निहोत्री, सतीश चावला, सहित सैकड़ो की संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे!

पति को नशे में कर जमीन का बैनामा कराने का आरोप, पीड़िता ने डीएम-एसपी से लगाई न्याय की गुहार

महराजगंज | सदर कोतवाली क्षेत्र


डीएम-एसपी से लगाई न्याय की गुहार, पति को नशे में कर जमीन लिखवाने का आरोप


पति को नशे में धुत कर लिखवा ली जमीन? पीड़िता ने डीएम-एसपी से लगाई न्याय की गुहार

महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जंगल दूधई उर्फ चेहरी की निवासी एक महिला ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि उसके पति को कथित रूप से शराब एवं नशीला पदार्थ पिलाकर उनकी जमीन का बैनामा धोखाधड़ी से करा लिया गया। महिला ने मामले में निष्पक्ष जांच, मुकदमा दर्ज करने तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस एवं प्रशासन की ओर से आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सारांश

महिला ने डीएम व एसपी को सौंपा शिकायती पत्र।

पति को नशे में कर जमीन लिखवाने का लगाया आरोप।

रजिस्ट्री प्रक्रिया में कथित अनियमितता का भी आरोप।

विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का दावा।

प्रशासन से निष्पक्ष जांच व कानूनी कार्रवाई की मांग।

पूरी खबर

महराजगंज। जनपद के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जंगल दूधई उर्फ चेहरी निवासी उर्मिला देवी ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उनके पति सूर्यमन को गांव के कुछ लोगों ने कथित रूप से शराब एवं अन्य नशीला पदार्थ पिलाकर उनकी मानसिक स्थिति कमजोर कर दी और इसके बाद उनकी भूमि का बैनामा अपने पक्ष में करा लिया।

पीड़िता के अनुसार, यह घटना 30 जून 2026 की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित लोगों ने कथित रूप से रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचकर बिना उचित प्रतिफल दिए खसरा संख्या 813, रकबा 0.2510 हेक्टेयर में से लगभग 5 डिसमिल भूमि का बैनामा करा लिया। महिला ने आरोप लगाया है कि इस पूरी प्रक्रिया में रजिस्ट्री कार्यालय के कुछ कर्मचारियों एवं अन्य लोगों की मिलीभगत भी रही।

महिला का कहना है कि जब उन्हें इस कथित बैनामे की जानकारी मिली तो वह संबंधित लोगों से पूछताछ करने पहुंचीं। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की तथा जान से मारने और शेष जमीन भी अपने नाम कराने की धमकी दी। घटना के बाद से पूरा परिवार भय के साये में जीवन व्यतीत कर रहा है।

पीड़िता ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि परिवार की आजीविका का मुख्य साधन यही कृषि भूमि है। उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं और भूमि विवाद के कारण परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। महिला ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए तथा उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।

सूत्रों के अनुसार, प्रार्थना-पत्र जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्राप्त हो चुका है। अब यह देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।

प्रशासनिक पक्ष

समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस अथवा जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

कानूनी अस्वीकरण

यह समाचार पीड़िता द्वारा जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को दिए गए लिखित शिकायती पत्र के आधार पर तैयार किया गया है। समाचार में वर्णित सभी आरोप शिकायतकर्ता के हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस एवं प्रशासन की जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।